![]()

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। भारत-नेपाल सीमा को जोड़ने वाले बहुआर-निचलौल मुख्य मार्ग पर बहुआर खुर्द पुलिया के पास सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के मुताबिक इस सड़क का शुभारंभ सांसद पंकज चौधरी ने किया था, लेकिन निर्माण के मात्र तीन वर्ष के भीतर ही सड़क कई स्थानों पर टूटने और उखड़ने लगी है। सबसे अधिक खराब स्थिति बहुआर खुर्द पुलिया के समीप है, जहां सड़क पर बने गहरे गड्ढे दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं। लोगों का आरोप है कि सड़क की बदहाली के बावजूद संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक न तो स्थल का निरीक्षण किया है और न ही मरम्मत अथवा सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाया है। जबकि निर्माण कार्य कराने वाली संस्था पर सड़क निर्माण के बाद पांच वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी होती है। इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराने तथा दोषी कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।


