![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले के नगर पंचायत चौक बाजार के वार्ड नंबर-5 में पहली ही बारिश ने विकास कार्यों की गुणवत्ता की पोल खोलकर रख दी। लाखों रुपये की लागत से हाल ही में निर्मित नाली पहली ही तेज बारिश का सामना नहीं कर सकी और कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होकर ढह गई। नाली टूटने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी का माहौल है। इतना ही नहीं निर्माण कार्य में भारी अनियमितता तथा सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नाली का निर्माण कुछ समय पहले ही कराया गया था। लेकिन पहली बारिश में ही उसका हिस्सा टूटकर बिखर गया। नाली के क्षतिग्रस्त होने के बाद उसमें प्रयुक्त निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का यह भी आरोप है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। जिसके कारण नाली इतनी जल्दी जवाब दे गई। जानकारों के अनुसार, नाली टूटने के बाद सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी संदेह के घेरे में आ गई है। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया गया होता तो पहली ही बारिश में इस तरह की स्थिति उत्पन्न नहीं होती। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। ऐसे में नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सरकारी धन की बर्बादी के लिए जिम्मेदारी तय करने की भी मांग उठाई है।


