![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। भारत नेपाल बार्डर से सटे ठूठीबारी बस स्टैंड के समीप आदर्श बाल विद्या मंदिर के मुख्य गेट के पास सोमवार रात में विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। मगरमच्छ को देखते ही आसपास मौजूद लोगों और यात्रियों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि विद्यालय के बगल में एक पोखरी स्थित है। आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छ इसी पोखरी से निकलकर स्कूल के मुख्य रास्ते तक पहुंच गया। रात में व्यस्त इलाके में मगरमच्छ के दिखाई देने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
ठूठीबारी बस स्टैंड क्षेत्र में शाम के बाद भी यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। यहां से निचलौल, महराजगंज और नौतनवां सहित विभिन्न स्थानों के लिए छोटी-बड़ी बसों का संचालन होता है। ऐसे में बस स्टैंड के समीप मगरमच्छ के पहुंचने से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर आबादी से दूर ले जाने की मांग की है।


