![]()

प्रतीकात्मक तस्वीर
Maharajganj kabhar live
निचलौल। नगर पंचायत में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगरवासियों को निर्बाध, स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत प्रशासन ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से चार नए पंप हाउसों के निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया है। परियोजना के पूरा होने के बाद नगर के घोड़हवा, बरगदवा, कृष्णा नगर, हर्रेडीह सहित अन्य प्रभावित वार्डों में जलापूर्ति व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और अंतिम छोर पर बसे घरों तक भी नियमित रूप से पेयजल पहुंच सकेगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया की पहल पर शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य बढ़ती आबादी की जरूरतों के अनुरूप पेयजल आपूर्ति नेटवर्क को मजबूत करना तथा लंबे समय से चली आ रही जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान करना है। प्रशासन का दावा है कि चारों पंप हाउसों के निर्माण के बाद जल वितरण प्रणाली अधिक प्रभावी होगी और सभी वार्डों में समान रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना हमारा लक्ष्य
नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कोई भी परिवार पेयजल जैसी आवश्यक सुविधा से वंचित न रहे, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य नगर के प्रत्येक वार्ड और अंतिम घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है। चार नए पंप हाउसों का निर्माण इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर कराया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद नगर की जलापूर्ति व्यवस्था अधिक सुदृढ़, व्यवस्थित और प्रभावी बनेगी।
वार्डों में लगेंगे निःशुल्क आरओ वाटर एटीएम
नगर पंचायत प्रशासन द्वारा नगरवासियों को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न वार्डों में निःशुल्क आरओ वाटर एटीएम स्थापित किए जाने की भी योजना है। इससे लोगों को अपने घरों के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा और शुद्ध पानी के लिए अतिरिक्त खर्च भी नहीं करना पड़ेगा।
स्थानीय नागरिकों में खुशी की लहर
नगर पंचायत की इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह और खुशी का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। लोगों ने इसे नगर के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और बेहतर जीवन स्तर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।


