Advertisement

मां की सहमति से ही होगी अनुकंपा नियुक्ति, डीएम ने दिए सख्त निर्देश, निचलौल तहसील के नजारत अनुभाग में तैनात कर्मी की हो गई थी मौत

Loading

डीएम के समक्ष गुहार लगाती पीड़िता

Maharajganj kabhar live 
महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को तहसील निचलौल के नजारत अनुभाग में कार्यरत नियमित चपरासी स्वर्गीय नन्दलाल की मृत्यु के बाद लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरण की संवेदनशीलता और सख्ती के साथ सुनवाई की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मृतक कर्मचारी की पत्नी की इच्छा और सहमति के अनुरूप ही नियुक्ति की कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित की जाए।
मामला उस समय सामने आया जब प्रार्थिनी सोना देवी पत्नी स्वर्गीय नन्दलाल, निवासी ग्राम पनेवा पनेई थाना कोतवाली तहसील सदर ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उनके पति का निधन 2 जनवरी 2026 को हो गया था। परिवार में पांच पुत्र हैं, जिनमें बड़े पुत्र अमित कुमार और दूसरे पुत्र अविनाश कुमार का विवाह हो चुका है।
सोना देवी ने आरोप लगाया कि बड़ा पुत्र और उसकी पत्नी उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज तथा मारपीट करते हैं और अलग रहते हैं। उन्होंने अपने तीसरे पुत्र अभिषेक कुमार गौतम को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति दिए जाने की सहमति दी। अन्य पुत्र अविनाश कुमार, अमिताभ कुमार और आदित्य कुमार ने भी इस पर अपनी सहमति जताई।
सुनवाई के दौरान डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने आरोपित पुत्र को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि माता-पिता की सेवा सभी संतानों का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि मां-बाप बच्चों को तमाम कठिनाइयों के बीच पाल-पोष कर बड़ा करते हैं और बड़े होने पर उनके प्रति दुर्व्यवहार बेहद निंदनीय और अमानवीय है।
डीएम ने अतिरिक्त उपजिलाधिकारी प्रेम प्रकाश पाण्डेय को निर्देशित किया कि मृतक कर्मचारी की पत्नी की इच्छा के अनुरूप नियुक्ति प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराई जाए तथा संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी सुनिश्चित की जाय।
error: Content is protected !!