रोते बिलखते परिजन

Loading

रोते बिलखते परिजन
Maharajganj khabar live
महराजगंज। “बस दो घंटे में लौट आऊंगा…” पिता से कहे ये आखिरी शब्द अब ताउम्र के लिए खामोश दर्द बन गए हैं। रविवार देर रात सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरदेवरा निवासी सूरज (21) और नीतीश (16) की बाइक को श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के छपिया गांव के समीप एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
परतावल जाते समय हुआ हादसा
रविवार रात लगभग 10 बजे दोनों दोस्त बाइक से किसी काम के सिलसिले में परतावल कस्बे के लिए निकले थे। छपिया गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों सड़क पर गिर पड़े। देर रात सन्नाटा होने के कारण काफी देर तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। इस दौरान सड़क से गुजरते अन्य वाहनों के पहियों तले कुचले जाने से दोनों के चेहरे इस कदर विकृत हो गए कि पहचान करना भी मुश्किल हो गया था।
टूटे मोबाइल से हुई पहचान
रात में गश्त पर निकली पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी की नजर जब दुर्घटनाग्रस्त बाइक और शवों पर पड़ी, तब मामले की जानकारी हुई। पुलिस ने मौके पर मिले क्षतिग्रस्त मोबाइल के जरिए परिजनों से संपर्क साधा। खबर मिलते ही पिपरदेवरा मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई। बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
दो गरीब परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे ने दो गरीब परिवारों का सहारा छीन लिया है। मृतक सूरज अपने पिता बाबूराम का हाथ बटाने के लिए दिल्ली में पेंटिंग का काम करता था और घर की दो बहनों की जिम्मेदारी भी उसी पर थी। वहीं, 16 वर्षीय नीतीश के सिर से मां का साया बचपन में ही उठ गया था। उसके पिता पप्पू यादव ईंट-भट्टे पर ट्रैक्टर चलाकर उसे पाल रहे थे। रोते हुए पिता ने बताया कि उन्होंने देर रात बाहर जाने से मना किया था, लेकिन वह जल्द लौटने की बात कहकर निकला था।
पुलिस की कार्रवाई
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
error: Content is protected !!