![]()

Maharajganj khabar live
निचलौल। ब्लॉक सभागार में सोमवार को ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजना के अंतर्गत आरएलपी आधारित प्रशिक्षण में किसानों को कृषि से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निचलौल ब्लॉक प्रधान संघ के अध्यक्ष (प्रशासक) अखिलेश यादव रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र वसूली के कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामकुमार और राजकुमार ने किसानों को उर्वरकों के संतुलित प्रयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फसलों में आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरकों का प्रयोग किया जाना चाहिए। इससे उत्पादन लागत कम करने के साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति को भी बनाए रखने में मदद मिलती है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने फसल कटाई के बाद अवशेषों को खेत में जलाने के बजाय उचित तरीके से प्रबंधन करने के फायदे बताए। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
एडीओ एजी जगत नारायण प्रजापति ने कृषि विभाग से संबंधित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने किसानों को विभागीय योजनाओं और कृषि कार्यों में बेहतर प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र कुमार सहानी ने किया। इस दौरान प्रभारी बीज भंडार अनिल कुमार, नीरज कुमार, गुड्डू शर्मा, अमर सिंह, बाल बहादुर सिंह, गौतम चौधरी समेत कृषि विभाग से जुड़े कर्मचारी और किसान मौजूद रहे।


