![]()

फरेंदा थाने का फोटो
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले के फरेंदा कस्बे में शनिवार को एक अमेरिकी नागरिक के पकड़े जाने से सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। संदिग्ध युवक को फरेंदा के छतरी चौराहा क्षेत्र से हिरासत में लिया गया, जिसके बाद उससे विभिन्न एजेंसियों द्वारा लगातार पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने अपना नाम ट्रेविस फेलेन (34 वर्ष) बताया है और खुद को अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया राज्य का निवासी बताया है।
जानकारी के अनुसार, युवक भारत में 180 दिनों के टूरिस्ट वीजा पर आया था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसका टूरिस्ट वीजा फरवरी माह में ही समाप्त हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद वह भारत में मौजूद था। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद उसके भारत में रहने के कारणों की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि युवक नेपाल के रास्ते अमेरिका जाने की फिराक में था। इसी सूचना के आधार पर उसे फरेंदा के छतरी चौराहा क्षेत्र से पकड़कर पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया। वर्तमान में फरेंदा कोतवाली में उससे गहन पूछताछ जारी है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों की टीमें भी सक्रिय हो गई हैं। एजेंसियां उसके भारत आने के उद्देश्य, यहां बिताए गए समय, संपर्कों और गतिविधियों की बारीकी से जांच कर रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीजा समाप्त होने के बाद वह किन स्थानों पर रहा और उसकी आगे की यात्रा की क्या योजना थी। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और युवक की वास्तविक गतिविधियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।


