![]()

हादसे के बाद सिसकती मृत सूरज की बुजुर्ग मां
निचलौल। थाना क्षेत्र के बहुआर मार्ग स्थित ढेसो पुल के पास शनिवार देर रात में एक बोलेरो अनियंत्रित होकर झोपडी में जा घुसी। जिस दौरान झोपड़ी के अंदर सो रहे एक युवक और बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। मौके पर जुटे लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने दोनों घायल युवकों की हालत बिगड़ते देख प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पर एक घायल युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक गोरखपुर जिले के गोला क्षेत्र अंतर्गत निवासी सूरज (26) बुजुर्ग मां के साथ निचलौल बहुआर मार्ग स्थित ढेसो पुल के पास झोपड़ी डालकर रहते थे। युवक सूरज की आर्थिक हालात ठीक नहीं होने के चलते बुजुर्ग मां के साथ भिक्षाटन कर जीवन यापन कर रहा था। हर रोज की तरह शनिवार रात को भी सूरज खाना खाने के बाद झोपडी के अंदर बुजुर्ग के साथ सोया हुआ था। इसी बीच निचलौल की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर उनके झोपड़ी के आशियाने में घुसते हुए चपेट में ले ली। जिस दौरान युवक सूरज की मौत हो गई। जबकि बोलेरो चालक रवि भारती निवासी बजही गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल चालक की भी हालत नाजुक बनी हुई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार मामले में मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर घायल युवक सूरज की मौत हो गई। जबकि चालक का इलाज चल रहा है। मामले में मृत सूरज के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


