![]()

सम्पन्न कार्यक्रम के दौरान एसएसबी
रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। सशस्त्र सीमा बल की ओर से आयोजित अंतर क्षेत्रक स्तरीय सात दिवसीय बढ़ई (कारपेंटर) कार्यशाला का मंगलवार को समापन हो गया। समापन समारोह में कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही प्रशिक्षण के दौरान अर्जित तकनीकी ज्ञान व व्यावहारिक कौशल का अपनी-अपनी वाहिनियों में प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से कार्मिकों की कार्यकुशलता, आत्मनिर्भरता तथा उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग की क्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य जवानों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर वाहिनियों की कार्यक्षमता को और मजबूत करना है। कार्यशाला में 66वीं, 43वीं, 50वीं, 9वीं और 22वीं वाहिनी के कुल 10 कार्मिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने बढ़ईगीरी से जुड़े विभिन्न सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन अवसर पर वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान मौजूद रहे।


