![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। वन महोत्सव सप्ताह के तहत वृहस्पतिवार को मधवलिया रेंज के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय मैरी परिसर में पौधरोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), विद्यालय के शिक्षकों और ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के कुल 10 पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ‘पौध भंडारा’ आयोजित कर पौधों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर मधवलिया वन रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी अजीत कुमार ने उपस्थित छात्र छात्राओं एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर एसएसबी ठूठीबारी बीओपी के असिस्टेंट कमांडेंट हेमंत कुमार, एएसआई संजय घोष, नीतीश कुमार, एस.के. मौर्य, विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय गुप्ता, शिक्षक रोहित नंदन शाही एवं ओमनाथ चौरसिया सहित अन्य ग्रामीण और छात्र छात्राएं भी मौजूद रहे।


