![]()

बार्डर पर वाहनों की जांच करती टीम
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। सशस्त्र सीमा बल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई में एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से 2 किलो 300 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस प्रतिबंधित मादक पदार्थ की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक सोनौली बॉर्डर पर नियमित जांच अभियान के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध पाईं। तलाशी लेने पर उसके पास से हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान तमिलनाडु निवासी के रूप में हुई है। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई। हाइड्रोपोनिक गांजा सामान्य गांजे की तुलना में कहीं अधिक शक्तिशाली और महंगा माना जाता है। इसे विशेष तकनीक के जरिए नियंत्रित वातावरण में उगाया जाता है। जिससे इसमें नशीले तत्वों की मात्रा अधिक होती है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क में इसकी भारी मांग रहती है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में भारत-नेपाल सीमा पर हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही बरामदगियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि पकड़ा गया युवक किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है। सोनौली बॉर्डर पर हुई इस कार्रवाई को सीमा सुरक्षा और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही हैं।


