![]()

गिरफ्तार आरोपी
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। कोतवाली ठूठीबारी पुलिस ने फर्जी अधिकारी बनकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बुधवार को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। मामले में पुलिस टीम आरोपी को चालान कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त स्वयं को विभिन्न सरकारी विभागों का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों को अपने प्रभाव में लेता था। वह सरकारी नौकरी दिलाने तथा उच्च अधिकारियों से विशेष संपर्क होने का झूठा दावा कर बेरोजगार युवाओं और अन्य लोगों से धनराशि वसूलता था। जांच के दौरान यह भी तथ्य सामने आया कि आरोपी ने कई लोगों को अपने झांसे में लेकर उनसे आर्थिक लाभ प्राप्त किया है। मामले में अब तक करीब 63 लाख रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।
घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने ठूठीबारी क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से विभिन्न पहचान संबंधी दस्तावेज और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस का मानना है कि इन दस्तावेजों और मोबाइल फोन का उपयोग वह लोगों को भ्रमित करने तथा अपने प्रभाव का झूठा प्रदर्शन करने के लिए करता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनीत कुमार सिंह पुत्र चन्द्रिका सिंह निवासी बासपार कोठी थाना श्यामदेउरवा के रूप में हुई है। वह एम.कॉम की पढ़ाई भी की है। आरोपी के कब्जे से तीन आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस तथा दो वन प्लस मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।


