दीपोत्सव में उत्कृष्ट किसानों और व्यापारियों का हुआ सम्मान, तीन किसानों को मिली सहायता राशि

देश राज्य

Loading

अतिथि और किसान, व्यापारी
Maharajganj khabar live 
निचलौल। स्वच्छता के साथ किसानों और व्यापारियों के योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को नवीन मंडी कार्यालय परिसर में स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी अभियान के तहत दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, व्यापारियों और सफाईकर्मी को सम्मानित किया गया। वहीं मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्नि दुर्घटना योजना के तहत तीन किसानों को सहायता राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया ने उत्कृष्ट कृषक सम्मान के लिए चयनित कोर्ट वार्ड निवासी मिथिलेश कुमार दुबे और औराटार निवासी हरिदेव वर्मा को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि किसानों का योगदान समाज और देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव है। उनके परिश्रम से ही खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित होती है। ऐसे में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित करना सराहनीय पहल है। इसी क्रम में मंडी में बेहतर योगदान देने वाले व्यापारियों को भी सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट करदाता व्यापारी सम्मान के तहत कपरौली निवासी जगरनाथ और भागाटार निवासी छोटलाल जायसवाल को सम्मानित किया गया। वहीं मंडी परिसर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाईकर्मी राजकुमार को भी सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्नि दुर्घटना योजना के तहत रजवल मदरहा निवासी किसान केशव, रामा और वीरेंद्र कुमार यादव को सहायता राशि प्रदान की गई। इस पहल से अग्नि दुर्घटना से प्रभावित किसानों को राहत मिली। आयोजकों ने कहा कि स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी अभियान का उद्देश्य मंडी परिसर को स्वच्छ रखने के साथ किसानों और व्यापारियों को प्रोत्साहित करना है। दीपोत्सव कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, सम्मान और सहयोग का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मंडी सचिव विनोद शर्मा, श्यामानदन आदि लोग मौजूद रहे।