राजेंद्र प्रसाद तारा चंद महाविद्यालय के कैडेटों का जलवा, डेल्टा कंपनी को दिलाया ओवरऑल प्रथम स्थान

ब्रेकिंग न्यूज़ शिक्षा

Loading

पुरस्कार के साथ एनसीसी कैडेट
Maharajganj kabhar live 
निचलौल। संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में राजेन्द्र प्रसाद ताराचंद पीजी कॉलेज, निचलौल के एनसीसी कैडेटों ने शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। 102 यूपी बटालियन गोरखपुर के तत्वावधान में आयोजित शिविर में कॉलेज के 14 कैडेटों ने प्रतिभाग करते हुए डेल्टा कंपनी की ओर से ओवरऑल प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में विजेता कैडेटों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
21 से 30 अक्टूबर तक परमहंस पाल पीजी कॉलेज, गुरली में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेटों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें इरशाद अंसारी और आस्था विश्वकर्मा को ओवरऑल बेस्ट कैडेट का पुरस्कार मिला। वहीं क्वार्टर गार्ड में शैलजा गुप्ता और दीपशिखा प्रजापति ने मेडल हासिल किया। फायरिंग प्रतियोगिता में आस्था विश्वकर्मा ने प्रथम, दीपक ने द्वितीय और विवेक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी और एनसीसी गीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर कैडेटों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। रस्साकशी और बालिका थ्रो बॉल प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कैडेट राहुल मौर्य, विक्रांत गौतम, महिमा मद्देशिया और नीति यादव ने भी मेडल प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. गोविन्द शरण सिंह ने सभी विजेता कैडेटों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। महाविद्यालय के संरक्षक एवं प्रबंधक अमरीश यादव ने कैडेटों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपप्राचार्य उपेन्द्र गुप्त ने कैडेटों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और अनुशासन ने महाविद्यालय को गौरवान्वित किया है। शिविर का संचालन एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट हेमंत कुमार यादव ने किया।