![]()

Maharajganj khabar live
निचलौल। भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। गुरुवार तड़के पुलिस ने लोहरौली ढाला के पास घेराबंदी कर एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो से 1.25 क्विंटल प्रतिबंधित गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से एक महिला आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
जानकारी के मुताबिक, ठूठीबारी कोतवाली पुलिस को गुरुवार तड़के क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने लोहरौली ढाला के पास संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो (यूपी 32 एलबी 9957) आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें लाल कपड़े में बंधी गांजे की बड़ी खेप मिली। जांच के दौरान गांजे का वजन करीब 1.25 क्विंटल पाया गया।
पुलिस ने वाहन सवार महिला आरोपित को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में दो अन्य आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस ठिकाने पर पहुंचाया जाना था।
तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस
बरामदगी के बाद पुलिस गांजे की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। स्कॉर्पियो के इस्तेमाल और आरोपितों के आपसी संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों में खलबली मची हुई है। मामले में आगे की जांच और पूछताछ जारी है।


