भारत-नेपाल सीमा पर 75 बोरी कद्दू बीज बरामद, पिकअप चालक गिरफ्तार-VIDEO

अपराध देश ब्रेकिंग न्यूज़ राज्य

Loading

बरामद तस्करी के सामान के साथ पुलिस और एसएसबी
रिपोर्ट,इजहार अली
झुलनीपुर। निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बहुआर चौकी पुलिस और एसएसबी झुलनीपुर की संयुक्त टीम ने बुधवार को 75 बोरी कद्दू बीज लदी पिकअप पकड़ ली। टीम ने मौके से चालक को गिरफ्तार कर वाहन समेत पूरी खेप कब्जे में ले ली। बरामद कद्दू बीज का वजन करीब 30 क्विंटल बताया गया है। मामले में कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक नेपाल से कद्दू बीज की खेप नाव के जरिए नारायणी नदी के रास्ते टेल फॉल ठोकर संख्या एक तक लाई गई थी। यहां से पिकअप पर लादकर इसे कुशीनगर भेजने की तैयारी थी। बुधवार रात बहुआर चौकी प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ गश्त पर निकले थे। इसी दौरान एसएसबी झुलनीपुर के एसआई रविंद्र कुमार यादव भी अपनी टीम के साथ मौजूद थे। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि टेल फॉल से गेड़हवा होते हुए एक पिकअप पर कद्दू बीज लादकर तेरह चार पुल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर एसएसबी पथलहवा के निरीक्षक अरुण कुमार पांडेय को भी अवगत कराया गया। इसके बाद संयुक्त टीम ने गेड़हवा पुल के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप आती दिखाई दी। टीम ने टॉर्च की रोशनी में वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपनी पहचान हैदर अली निवासी खैरहवा दूबे, थाना परसामलिक के रूप में बताई। तलाशी के दौरान पिकअप से 75 बोरी कद्दू बीज बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी में 40 किलोग्राम बीज भरा था। बहुआर चौकी प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि कद्दू बीज लदी पिकअप को सीज कर दिया गया है। मामले में कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।