![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। कोठीभार थाना क्षेत्र की एक महिला ने अभिमन्यु चौधरी उर्फ रामा चौधरी समेत कई लोगों पर नौकरी का झांसा देकर दो लाख रुपये ठगने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि आरोपियों ने करीब 170 लोगों को अपने जाल में फंसाकर नौकरी के नाम पर लाखों रुपये वसूले हैं। नौकरी नहीं मिलने पर जब उसने रुपये वापस मांगे तो उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई करने की मांग की है।
कोठीभार थाना क्षेत्र के पैकौली कला निवासी सुमन शर्मा पत्नी अजय शर्मा के पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र के जरिए आरोप लगाया है कि जनवरी 2026 में भेड़िया निवासी अभिमन्यु चौधरी से उनकी मुलाकात हुई। इस दौरान अभिमन्यु ने उन्हें 40 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। जान-पहचान होने के कारण वह उसके झांसे में आ गईं। फिर वह नौकरी के नाम पर अभिमन्यु को अपनी गहने गिरवी रखकर 1.20 लाख रुपये दे दी। इतना ही नही इसके अलावा दो अन्य लोगों से भी 50 हजार और 30 हजार रुपये लेकर आरोपियों तक पहुंचाए। वह हैरान तब हुई जब रुपये लेने के बाद वह तीनों लोगों को नियुक्ति पत्र भी दे दिया। लेकिन नौकरी कहां करनी है और कब से करनी है, इसकी जानकारी नहीं दी। काफी इंतजार के बाद जब उन्होंने अपने स्तर से छानबीन की तो कथित फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। इसके बाद वह रुपये वापस मांगने लगी। ऐसे में उन्हें रकम वापस करने के बजाय धमकाया जाने लगा। पीड़िता सुमन शर्मा ने अपने शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि नौकरी के नाम पर ठगी का यह नेटवर्क लखनऊ से संचालित हो रहा है। इसमें अभिमन्यु चौधरी, पंकज श्रीवास्तव और प्रिंस विश्वकर्मा समेत कई लोगों की भूमिका बताई गई है। आरोप है कि करीब 170 लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर रकम वसूली गई है। पीड़िता ने अभिमन्यु के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने का भी दावा किया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मामले की जांच के लिए क्षेत्राधिकारी निचलौल को निर्देशित की गई है। वही क्षेत्राधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कई बिंदुओं पर साक्ष्य भी प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। जल्द ही जांच के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
पति-पत्नी को फोन कर दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता के मुताबिक, जब वह मामले की शिकायत करने जा रही थीं तो अभिमन्यु चौधरी ने फोन कर उन्हें और उनके पति को धमकाया। उसके भाई मिथुन पर भी जान-माल की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कराकर कथित गिरोह के सभी सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग की है।
(नोट,पुलिस को सौंपी गई शिकायती पत्र के आधार पर)


