![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। जिले से इस वक्त की बड़ी खबर है, जहां भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी के एक बड़े प्रयास को पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने नाकाम कर दिया है। यहां पर चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार से 648 बोतल ओल्ड मंक रम बरामद की गई है। शराब की खेप को नौ नीले बैग में भरकर ले जाया जा रहा था। मौके से हरियाणा और बिहार के रहने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
भारत नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पूरा मामला नौतनवा थाना क्षेत्र की हैं, जहां पर रविवार को मुखबिर की सूचना पर बैरियहवा पुल के पास पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई। कार के अंदर रखे नौ नीले बैग देखकर टीम भी हैरान रह गई। बैग खोलकर देखा गया तो उनमें ओल्ड मंक रम की कुल 648 बोतलें बरामद हुईं।
वही अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के रेवाड़ी निवासी हरिओम प्रजापति, दिल्ली के सागरपुर निवासी मनीष कुमार और नेपाल के कास्की जिले के रहने वाले विजय भुजील के रूप में हुई है। विजय भुजील का वर्तमान पता दिल्ली का पश्चिम विहार बताया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही पुलिस ने शराब की पूरी खेप और तस्करी में इस्तेमाल क्रेटा कार को भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल थाना नौतनवा में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


