![]()

Maharajganj khabar live
महाराजगंज। जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवाभोज गांव से रविवार को एक हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती की जिद है कि जब तक उसकी शादी प्रेमी से नहीं कराई जाएगी, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी। करीब पांच घंटे से जारी इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद मौके पर पुलिस और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई है। पुलिस युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक नौतनवा क्षेत्र अंतर्गत के बरवाभोज गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि युवती प्रेम प्रसंग के चलते मोबाइल टॉवर पर चढ़ी है। युवती प्रेमी से शादी करना चाहती है। इसी मांग को लेकर उसने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। युवती टावर के ऊपर से लगातार अपनी मांग पर अड़ी रही और शादी की मांग पूरी होने तक नीचे उतरने को तैयार नहीं थी। मोबाइल टावर पर युवती के चढ़ने की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। उसके बाद भी करीब पांच घंटो तक युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश नाकाम रही। कारण यह था कि युवती अपनी जिद पर कायम रही। एक तरफ युवती की शादी की मांग है, तो दूसरी तरफ पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी जान सुरक्षित बचाने की थी। इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस लगातार युवती से बातचीत कर उसे नीचे आने के लिए समझाने में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती को नीचे उतारने के लिए पुलिस टीम परिजनों की मदद से लगातार प्रयास कर रही है। युवती की नीचे उतरने के बाद पूछताछ कर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।


