![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। शासनादेशों की अनदेखी और विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। विकास खंड पनियरा में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी ओमप्रकाश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर आठ ग्राम पंचायतों में बिना भौतिक सत्यापन के 70 लाख 40 हजार 868 रुपये का भुगतान कराने का आरोप लगा है।
जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से जारी निलंबन आदेश के मुताबिक ग्राम पंचायत अधिकारी पर जिलाधिकारी के निर्देशों और शासनादेशों की अवहेलना करते हुए विभिन्न ग्राम पंचायतों में कार्य कराने का आरोप है। मामला 15वें और पंचम वित्त आयोग की धनराशि से कराए गए विकास कार्यों के भुगतान से जुड़ा है।
आदेश में विकास खंड पनियरा की सोहास, ऋषपुर, धनघटी, खजुरिया, तेंदुहिया, सुभितपुर, मोहद्दीनपुर और कनैला ग्राम पंचायतों में भुगतान संबंधी अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के भौतिक सत्यापन के बिना ही इन ग्राम पंचायतों में कुल 70,40,868 रुपये का भुगतान कर दिया गया। इसके अलावा डिजिटल लाइब्रेरी, पंचायत सचिवालय और सामुदायिक शौचालय के अधूरे कार्यों के साथ ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के कार्यों को प्राथमिकता देने के शासन के निर्देशों की भी अनदेखी किए जाने का आरोप है। इन कार्यों को प्राथमिकता देने के बजाय अन्य कार्य कराए गए।
परतावल के एडीओ पंचायत को सौंपी जांच
निलंबन के साथ ही ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है। प्रकरण की जांच के लिए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), परतावल को जांच अधिकारी नामित किया गया है। संबंधित आठों ग्राम पंचायतों में कराए गए कार्यों का स्थलीय सत्यापन कर जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।


