महराजगंज में पीईटी परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने केंद्रों पर परखी सुरक्षा व्यवस्था

देश राज्य शिक्षा

Loading

डीएम और एसपी
Maharajganj khabar live
महराजगंज। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। शुक्रवार को पहली पाली की परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने फरेंदा क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के साथ सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की पड़ताल की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा परीक्षा की शुचिता हर हाल में बनाए रखने को कहा।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार निगरानी रखने, अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। डीएम और एसपी ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिया कि परीक्षा के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी पूरी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाएं।