![]()

मंच से लोगों का अभिवादन करते सीएम योगी
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया। जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “पहले जो धनराशि कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च होती थी। आज वही पैसा धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास में लगाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महराजगंज दौरे के दौरान नौतनवा पहुंचे थे। जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने स्थानीय विधायक ऋषि त्रिपाठी के नव निर्मित आवास पर आयोजित गृहभोज और सुंदरकांड कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद आयोजित विशाल जनसभा में उन्होंने जनपद को 208 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 79 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास शामिल रहा।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी की नौतनवा में ऐतिहासिक जीत के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि विधायक और सांसद की ओर से भेजे गए विकास प्रस्तावों को सरकार प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दे रही है। सीएम योगी ने वर्ष 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में इंसेफ्लाइटिस जैसी बीमारी बच्चों की जान ले रही थी। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल थीं और कानून व्यवस्था चरमराई हुई थी।
उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने इंसेफ्लाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण किया और अब महराजगंज जैसे जिले में मेडिकल कॉलेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले किसान परेशान रहते थे। नौजवानों को रोजगार नहीं मिलता था और बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस करती थीं। लेकिन आज प्रदेश में सुरक्षा और विकास का माहौल है। मंच पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं आयुष विभाग के मंत्री दयाशंकर मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


