Loading

Maharajganj khabar live
निचलौल। नगर पंचायत निचलौल में आईडीएसएमटी योजना के तहत बने व्यावसायिक कांप्लेक्स की दुकानों के आवंटन में बड़ी अनियमितता सामने आई है। वार्ड नंबर-07 के कोर्ट मोहल्ला सोमारी बाजार स्थित कांप्लेक्स की आठ दुकानों का आवंटन नियम और शासनादेशों के विपरीत पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। जांच के दौरान आवंटन से संबंधित पत्रावली में न तो आवंटन आदेश मिला और न ही पंजीकृत स्टांप समेत अन्य जरूरी अभिलेख उपलब्ध पाए गए।
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जांच में आरक्षण नियमों का पालन नहीं किए जाने के साथ ही एक ही परिवार के कई सदस्यों को दुकानें आवंटित किए जाने की बात सामने आई। इससे दुकान आवंटन की पूरी प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है।
जांच के बाद ईओ ने भी मानी पत्रावली अधूरी
मामले में कार्यालय आदेश संख्या 172/न.पं.नि./2026-27 दिनांक 20 जून 2026 के जरिए अधिशासी अधिकारी को निकाय की संपत्ति पर अवैध कब्जा किए लोगों से दुकानें खाली कराने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और शासनादेशों के अनुसार दुकानों का आवंटन कराने के निर्देश दिए गए थे।
इसके अनुपालन में अधिशासी अधिकारी ने चार अगस्त 2026 को अपनी आख्या प्रस्तुत की। आख्या में स्पष्ट किया गया कि दुकान आवंटन की पत्रावली अपूर्ण है और कार्रवाई से संबंधित आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही आरक्षण नियमों की अनदेखी और एक ही परिवार के कई सदस्यों को आवंटन किए जाने की बात भी सामने आई।
बोर्ड की मंजूरी के बाद चला निरस्तीकरण का डंडा
अनियमितताओं के सामने आने के बाद नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में भी 21 फरवरी 2026 को दुकान आवंटन निरस्त किए जाने की स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद सक्षम स्तर से नियम और शासनादेशों के विपरीत किए गए सभी आठ दुकान आवंटनों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।
इन आठ लोगों के आवंटन पर गिरी गाज
निरस्त किए गए आवंटनों में सिद्धेश्वर पुत्र रविन्द्र कुमार, कुन्जलता पुत्री खेदू पत्नी रविन्द्र कुमार, गोविन्द यादव पुत्र कमला यादव, महेश गुप्ता पुत्र स्व. रामवृक्ष गुप्ता, सुबाष गुप्ता पुत्र तीर्थराज गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता पुत्र सुबाषचन्द्र गुप्ता, अमित कुमार गुप्ता पुत्र सुबाषचन्द्र गुप्ता और सुधा देवी पत्नी रामनरेश शामिल हैं।
अब इन दुकानों को नियमानुसार खाली कराने और आगे की आवंटन प्रक्रिया शासनादेशों के अनुरूप कराने की कार्रवाई की जाएगी।
error: Content is protected !!