![]()

परिजनों को समझाती पुलिस
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुड़वा उर्फ मुरकटिया टोला लंगड़ी गांव में गुरुवार को पत्नी की हत्या के छह दिन बाद उसके पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगी तो परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया। काफी देर तक हंगामा के बाद क्षेत्राधिकारी के समझाने पर परिजन शांत हुए, उसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।
गांव निवासी शिव नारायण (45) पुत्र रामअवध मानसिक रूप से मंदबुद्धि बताए जाते थे। मृतक की मां रंजना ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब दस बजे अचानक शिव नारायण की तबीयत बिगड़ गई। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगी तो परिजनों ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। काफी देर तक गांव में गहमागहमी का माहौल बना रहा। परिजनों का कहना था कि वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते है। जबकि पुलिस ने शव को जबरन पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध के दौरान वीडियो बना रहे कुछ लोगों के मोबाइल पुलिसकर्मियों ने अपने कब्जे में ले लिए।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाकर शांत कराया। उसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।
आपको बता दे कि बीते 24 जुलाई की भोर में शिव नारायण की पत्नी की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले की जांच अभी जारी है। अब पति की संदिग्ध मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस दोनों घटनाओं के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जबकि इस संबंध में श्यामदेउरवा थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मामले की जांच की जा रही है।


