Advertisement

बागापार को नगर पंचायत बनाने एवं मिनी पावर हाउस की मांग को लेकर ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

Loading

ज्ञापन देते ग्रामीण

Maharajganj kabhar live 
महराजगंज। जनपद की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत बागापार को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने तथा क्षेत्र की गंभीर विद्युत समस्या के समाधान हेतु बागापार में विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की मांग को लेकर सोमवार को जनहित संघर्ष समिति के तत्वावधान में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से दोनों मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि बागापार वर्तमान में जनसंख्या, व्यापारिक गतिविधियों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के मामले में नगर पंचायत के सभी मानकों को पूरा करता है। 20 हजार से अधिक आबादी वाली यह ग्राम पंचायत जिला मुख्यालय से मात्र 9 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है तथा इसके अंतर्गत करीब 28 छोटे-बड़े टोले आते हैं। क्षेत्र में इंटर कॉलेज, महाविद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पुलिस चौकी, डाकघर, बैंक, सहकारी समिति एवं सैकड़ों व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। इसके बावजूद बागापार को अब तक नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिल सका है।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने क्षेत्र में व्याप्त विद्युत संकट को भी गंभीर समस्या बताते हुए बागापार में विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की मांग उठाई। उनका कहना है कि बागापार, कटहरा, बेलवाकाजी, जगपुर उर्फ सलामतगढ़, विजयपुर, बरगदवा राजा, परासखांड, बड़हरा राजा, केवलापुर खुर्द सहित आसपास के अनेक गांव लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती तथा ओवरलोडिंग की समस्या से जूझ रहे हैं। विद्युत उपकेंद्र स्थापित होने से हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी तथा क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो हस्ताक्षर अभियान चलाकर जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन, पूर्व ग्राम प्रधान रामराज चौरसिया, मिथिलेश सिंह, धर्मेंद्र यादव, कमालुद्दीन, ऐनुद्दीन, सत्यपाल चौहान, अर्जुन मौर्य, कमलेश शर्मा, दीपक जायसवाल, रामसरन, धर्मेंद्र भारती, मनोज गौतम, रणविजय चौधरी, हरेंद्र गौतम, विकास यादव, विद्यासागर यादव, हरिहर जायसवाल, अनिल चौरसिया, ओमप्रकाश मौर्य सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
error: Content is protected !!