![]()

तहसील पर प्रदर्शन करते कार्यकर्ता
Maharajganj kabhar live
निचलौल। आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जाहिद अली के नेतृत्व में सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल को सौंपा।
सौंपे गए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने बताया है कि निचलौल क्षेत्र के सरकारी गोदामों पर डीएपी खाद और यूरिया उपलब्ध नहीं है। इससे किसान काफी परेशान हैं। वर्तमान समय में खेती बाड़ी का कार्य तेजी से चल रहा है। लेकिन किसानों को सरकारी गोदामों पर खाद नहीं मिल रही है। वहीं निजी दुकानों और गोदामों पर खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जहां डीएपी खाद 1350 रुपये के बजाय 1800 से 2000 रुपये तक तथा यूरिया 250 रुपये के बजाय 400 से 500 रुपये तक बेची जा रही है। किसानों को मजबूरी में महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है। कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को देखते हुए क्षेत्र के सभी सरकारी गोदामों पर तत्काल डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन में दूसरी मांग के तहत बरसात शुरू होने से पहले निचलौल क्षेत्र की सभी नहरों, नालों, तालाबों, पोखरों और पोखरियों की तत्काल सफाई कराने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि समय पर सफाई न होने के कारण बरसात में गंदा पानी गांवों और शहर की सड़कों पर फैल जाता है जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है और सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। इससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
तीसरी मांग में क्षेत्र में बढ़ते मच्छरों के प्रकोप पर चिंता जताई गई। ज्ञापन में कहा गया कि शहर से लेकर गांव तक मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिससे विभिन्न बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। कार्यकर्ताओं ने लोगों को मच्छरों के प्रकोप से बचाने के लिए तत्काल प्रभाव से पूरे क्षेत्र में मच्छररोधी दवा के छिड़काव की व्यवस्था कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान राधेश्याम यादव, सत्तार अली, दशरथ प्रजापति, विद्यासागर सिंह, ओमकार मिश्रा, सुदामा लॉरी, रिंकेश भारती, मुसाफिर, राजेश हुसैन, रामआसरे, मुर्तुजा, इंद्रजीत यादव, परमानंद, कृष्णमुरारी, सीताराम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


