![]()

जांच करती विद्युत विभाग की टीम
Maharajganj kabhar live
निचलौल। क्षेत्र के गड़ौरा बाजार में सोमवार को विद्युत विभाग की ग्रामीण टीम द्वारा चलाए गए विशेष संघन जांच अभियान से बकायेदार उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया। ग्रामीण अवर अभियंता मुकेश कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने क्षेत्र में व्यापक जांच करते हुए बकाया बिजली बिलों, लोड सत्यापन तथा विद्युत उपयोग की स्थिति का निरीक्षण किया।
अवर अभियंता ग्रामीण मुकेश कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान न करने वाले 70 बड़े बकायेदार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य बकायेदारों में भी खलबली मची रही। जांच के दौरान टीम ने उपभोक्ताओं को बकाया बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया गया। जिसके परिणामस्वरूप मौके पर ही कुल 1 लाख 10 हजार रुपये की वसूली भी की गई।
इसके अलावा जांच में कई उपभोक्ताओं द्वारा स्वीकृत क्षमता से अधिक विद्युत भार का उपयोग करने की शिकायतें भी सामने आईं। इस पर कार्रवाई करते हुए पांच उपभोक्ताओं का विद्युत लोड बढ़ाया गया। वहीं, तीन उपभोक्ता घरेलू कनेक्शन पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करते पाए गए। ऐसे मामलों में विभाग ने नियमानुसार उनके कनेक्शन की श्रेणी घरेलू से बदलकर कमर्शियल कर दी गई है।
इन्होंने आगे बताया कि राजस्व वसूली बढ़ाने तथा विद्युत व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने और निर्धारित नियमों के अनुसार ही विद्युत उपयोग करने की अपील की गई है।


