Advertisement

ब्रेकिंग: मुंडन की खुशियां मातम में बदलीं: विवाहिता की संदिग्ध मौत से गांव में सनसनी, दहेज हत्या का आरोप

Loading

रोते बिलखते परिजन

Maharajganj kabhar live 
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बरगदही गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जिस घर में आज सोमवार को बेटी के मुंडन संस्कार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार बरगदही गांव निवासी राजभान की पत्नी प्रीति (28) का शव बीती रविवार देर रात घर के कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला। मृतका की बहन रूपा ने आरोप लगाया कि सूचना मिलने पर जब उन्होंने परिवार के लोगों से पूछताछ की तो बताया गया कि प्रीति कुछ देर पहले फंदे से लटकी मिली थी, जिसे नीचे उतार लिया गया था। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और घर में अक्सर तनाव का माहौल बना रहता था।
मायके पक्ष का आरोप है कि घटना की जानकारी उन्हें तत्काल नहीं दी गई। यहां तक कि मृतका का मोबाइल फोन भी उपलब्ध नहीं कराया गया। बाद में किसी तरह प्रीति के फोन से सूचना देकर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। आरोप यह भी है कि एम्बुलेंस बुलाने के बजाय उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भिटौली थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर प्राप्त हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या दहेज उत्पीड़न से जुड़ी किसी गंभीर वारदात का। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
error: Content is protected !!