![]()

मृतक की फाइल फोटो
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायनपुर गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां पर एक विवाहिता ने घर के भीतर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी होने पर गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नारायनपुर निवासी अंजनी (33) पत्नी संदीप प्रजापति अपने दो बच्चों रिया उर्फ पीहू (10) और रिशु (6) के साथ घर पर रहती थीं। उनके पति और ससुर रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। बताया जा रहा है कि अंजनी ने घर के कमरे में कुंडी के सहारे फांसी लगा ली।
काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर उनकी बेटी रिया उर्फ पीहू को अनहोनी की आशंका हुई। जब उसने कमरे में झांककर देखा तो मां का शव फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही वह चीखने-चिल्लाने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिंदुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतका के दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
मां की असामयिक मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। घटना की खबर फैलते ही रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ घर पर जुट गई। पूरे गांव में इस हृदयविदारक घटना की चर्चा होती रही। आखिर किन परिस्थितियों में अंजनी ने यह कदम उठाया, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। सिंदुरिया थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।


