![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के मानिकतलाव टोला धनहिया के पास सोमवार शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 45 वर्षीय शिक्षामित्र पंचम यादव की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि पंचम यादव सोमवार शाम गांव से सटे सब्जी के खेत में गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया। तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। इसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पंचम यादव प्राथमिक विद्यालय मानिकतलाव में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शिक्षामित्र की मौत की खबर मिलते ही प्राथमिक विद्यालय मानिकतलाव के शिक्षक-शिक्षिकाओं और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि पंचम यादव सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और सभी के साथ उनका व्यवहार अच्छा था।


