![]()

बार्डर पर कार्रवाई के दौरान टीम
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा से सटे शीतलापुर गांव में शनिवार को राजस्व विभाग और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में छिपाकर रखी गई 76 बोरी अवैध कद्दू के बीज की खेप बरामद की। इस कार्रवाई से अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध रूप से कद्दू के बीज के भंडारण और कारोबार की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर निचलौल एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व विभाग और एसएसबी की संयुक्त टीम ने शीतलापुर गांव स्थित एक मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान के भीतर बड़ी मात्रा में अवैध कद्दू का बीज बरामद हुआ।
टीम ने मौके से कुल 76 बोरी कद्दू का बीज कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बीज को अवैध रूप से संग्रहित कर सीमा क्षेत्र के माध्यम से कारोबार किए जाने की आशंका है। बरामदगी के बाद टीम ने बीज को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है तथा इसमें शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। सीमा क्षेत्र में अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।


