![]()

रिपोर्ट, इजहार अली
झुलनीपुर। सशस्त्र सीमा बल ने मंगलवार को विशेष अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालय कटान टोला में स्वच्छता अभियान चलाया। कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में वाहिनी के एसएसबी बीओपी पथलहवा के जवानों ने विद्यालय परिसर समेत आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान जवानों ने विद्यालय परिसर, आसपास के क्षेत्र और आवागमन वाले स्थानों पर फैले कूड़े-कचरे को हटाया। साथ ही अनावश्यक झाड़ियों की सफाई कर परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया। जवानों ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए आसपास का वातावरण साफ रखने के लिए प्रेरित किया। स्वच्छता अभियान में विद्यालय के बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। एसएसबी जवानों के साथ मिलकर बच्चों और ग्रामीणों ने परिसर की सफाई में सहयोग किया। इस दौरान लोगों को कूड़े-कचरे का उचित निस्तारण करने और सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करने की अपील की गई।
एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखना है। ग्रामीणों ने एसएसबी के इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों से बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता के साथ जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।


