तहसील पर प्रदर्शन करते आप कार्यकर्ता

Loading

तहसील पर प्रदर्शन करते आप कार्यकर्ता
Maharajganj khabar live 
निचलौल। आयुष्मान योजना में संशोधन की मांग को लेकर शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने निचलौल तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं सिसवा विधानसभा के प्रभारी जाहिद अली ने किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम निचलौल को सौंपकर गरीब और पात्र लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ देने की मांग की।
जाहिद अली ने कहा कि सरकार एक तरफ ‘हम दो, हमारे दो’ की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए पात्र गृहस्थी राशन कार्ड में छह सदस्यों का नाम होना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड वर्ष 2019 से पहले का बना होना और उसमें छह या उससे अधिक सदस्यों का नाम होना जरूरी होने से बड़ी संख्या में पात्र लोग योजना के लाभ से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार 60 वर्ष की आयु वाले लोगों को बुजुर्ग मानकर वृद्धावस्था पेंशन दे रही है, लेकिन आयुष्मान योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को लाभ देने के लिए 70 वर्ष की आयु की सीमा रखी गई है। ऐसे में सरकार से सवाल है कि जब 60 वर्ष की आयु में व्यक्ति को वृद्ध माना जा रहा है तो आयुष्मान योजना में 70 वर्ष की सीमा क्यों रखी गई है। आप नेताओं ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में गरीब और बीमार लोग ऐसे हैं, जिनके पास आयुष्मान कार्ड नहीं है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण कई लोग बेहतर इलाज नहीं करा पाते। उन्होंने मांग की कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित पात्र लोगों का तत्काल आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। ज्ञापन के माध्यम से सरकार से आयुष्मान योजना में संशोधन करते हुए एक वर्ष से 60 वर्ष तक के पात्र एवं गरीब लोगों का सर्वे कराकर पात्रता के आधार पर आयुष्मान कार्ड जारी करने की मांग की गई। साथ ही वरिष्ठ नागरिक योजना को बंद करने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान सिराजुद्दीन अंसारी, विनोद मौर्य, ईश्वर चंद्र पटेल, अमानुल्लाह शाह, फैसल, मजहर अली, दशरथ, रमजान अली, लारी भाई, सुदामा, भगवंत, राजवंशी, अंगद, दिनेश, रामअचल, स्वामीनाथ, सफी मोहम्मद, इंद्रजीत यादव, शौकत, जहीर गोगरी, सीताराम, बाके भारती, तसमुद्दीन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
error: Content is protected !!