![]()

Mahrajganj khabar live
निचलौल। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पावन माटी युक्त कलश बुधवार को निचलौल मंडल में पहुंचा। जहां पर नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया सहित अन्य लोगों की ओर से कलश वंदन यात्रा का पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ भव्य स्वागत किया गया।
यात्रा का शुभारंभ मिठौरा मंडल स्थित मदनपुरा कुटी से शुरू होकर सबसे पहले निचलौल शहर मुख्य तिराहे पर पहुंचा। जहां नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया और श्रद्धालुओं की ओर से मुख्य तिराहा स्थित देवी स्थान पर पावन कलश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद कलश यात्रा शहर के जिगनहवा वार्ड, महाशय वार्ड के साथ ही क्षेत्र के कुड़िया माता मंदिर, ढेसो और ओडवलिया सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर निकली। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता और मानवता के संदेशों का जयघोष करते हुए सामाजिक एकता का संकल्प लिया।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पावन कलश के दर्शन कर पुष्पवर्षा की तथा गुरु रविदास महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील मद्धेशिया उर्फ मुन्ना, सभासद प्रतिनिधि अभिषेक सिंह विशेन, सभासद दशरथ प्रसाद, संतोष सिंह, मुलायम यादव, नीतीश गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

