![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। निचलौल तहसील चौराहे से कपिया पिपराकाजी होते हुए कोहडवल सरकारी अस्पताल तक जाने वाली पिच सड़क कई वर्षों से क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली से जहां क्षेत्र के आम नागरिक प्रभावित हैं। वहीं प्रतिदिन स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं।
ग्रामीणों और छात्रों द्वारा लंबे समय से सड़क के निर्माण की मांग की जा रही है। लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा सका है। इससे नाराज छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को तहसील परिसर पहुंचकर आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जाहिद अली के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद छात्रों ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार अमित कुमार सिंह को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रीय लोगों और विद्यार्थियों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

