![]()

योगाभ्यास करते अधिकारी
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को छत्रपति शाहू जी महाराज स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य “योगोत्सव” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल तथा पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने आमजन, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस कर्मियों और विद्यार्थियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोग समाज का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के संतुलन का वैज्ञानिक माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारत की इस प्राचीन परंपरा को आज वैश्विक पहचान मिल चुकी है और स्वस्थ जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वैदिक मंगलाचरण के साथ हुआ। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्वयं विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि नियमित योगाभ्यास मानसिक तनाव को दूर कर कार्यक्षमता और सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि करता है।
योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, वज्रासन, भुजंगासन सहित कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास किया। ध्यान और शांति पाठ के साथ योग सत्र का समापन हुआ।
कार्यक्रम के दौरान योग एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रशिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


