Advertisement

नए साल की स्वागत को लेकर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क

Loading

Maharajganj kabhar live 
महराजगंज। नए साल की पूर्व संध्या से एक जनवरी तक जिले के सभी संवेदनशील स्थलों, धार्मिक स्थलों, होटलों व पिकनिक स्पॉट्स पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। क्योंकि पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फ्लैग मार्च व नियमित फुट पेट्रोलिंग के लिए अलर्ट हो चुकी है। इतना ही नहीं होटलों, आयोजन स्थलों के निकास बिंदुओं पर ब्रेथ एनालाइजर से चेकिंग भी की जाएगी। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर लेहड़ा मंदिर, दुर्गा मंदिर महराजगंज, सोनाड़ी देवी, बोकड़ा देवी, बनैलिया माता मंदिर नौतनवां, दर्जनिया ताल, निचलौल पार्क सहित अन्य प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिसकर्मियों की सादे वस्त्रों में ड्यूटी लगाई गई है, वहीं यूपी-112 को भी प्रभावी रूप से तैनात किया गया है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए एसपी ने कहा कि होटलों, बाजारों और आयोजन स्थलों के निकास बिंदुओं पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पार्किंग प्रबंधन, डायवर्जन प्वाइंट और मोबाइल बैरियर लगाए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। ड्रोन कैमरों व सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जा रही है तथा सोशल मीडिया की चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग कर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग, तेज आवाज में डीजे, अवैध आतिशबाजी या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और नववर्ष का स्वागत शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में करें।
Dharmendra Gupta

error: Content is protected !!