![]()

निचलौल। विकास खंड क्षेत्र के गांव नौनिया स्थित पंचायत भवन पर तैनात पंचायत सहायक की मनमानी करने और कार्य में रुचि न लेने का मामला सामने आया है। इसका खुलासा तब हुआ, जब अधिकारियों के निरीक्षण में लगातार पंचायत सहायक अनुपस्थित मिली। वही मामले में सहायक खंड विकास अधिकारी ने पंचायत सहायक का 10 माह का मानदेय बांधित करते हुए तीन दिन के अंदर कार्यालय में उपस्थित होने की चेतावनी दी है।
सहायक खंड विकास अधिकारी विनय कुमार पांडेय ने गांव नौनिया स्थित पंचायत भवन पर तैनात पंचायत सहायक अनुप्रिया श्रीवास्तव को जारी पत्र में बताया है कि पंचायत भवन के निरीक्षण में पता चला कि पंचायत सहायक की मनमानी के चलते पंचायत भवन कर ताला लटका हुआ है। पंचायत सहायक पंचायत भवन पर उपस्थित नहीं रहती है। जिसके चलते आम लोगों को सरकारी योजनाओं से वंचित होने के साथ ही काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। ऐसे में पंचायत सहायक को कई बार मौखिक रूप से सूचना देकर नियमित के कार्यालय खोलने के साथ ही आम लोगों की समस्याओं को दूर कराने के लिए निर्देशित किया जा चुका है। लेकिन उसके बाद भी पंचायत सहायक अनुप्रिया श्रीवास्तव की ओर से कार्यालय का ताला नहीं खोला गया। ऐसे में पंचायत सहायक अनुप्रिया श्रीवास्तव के खिलाफ सख्ती करते हुए फरवरी से लेकर नवंबर तक का मानदेय बांधित कर दी गई है। इतना ही नहीं तीन दिन के अंदर कार्यालय में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया गया। अगर पंचायत सहायक की ओर से ऐसा नहीं किया गया, तो उनकी अनुबंध समाप्ति के लिए आगे की खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।


