![]()

Mahrajganj khabar live
निचलौल। राम हर्ष इंटर कॉलेज निचलौल में शिक्षक दिवस के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं संस्कृत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। छात्र-छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ज्योतिष मणि त्रिपाठी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत में प्रत्येक वर्ष पांच सितंबर को महान शिक्षाविद, देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का मानना था कि एक अच्छे शिक्षक की भूमिका विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रखते हैं। विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान रखते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि ज्योतिष मणि त्रिपाठी को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों और शिक्षकों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह नजर आया। अंत में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कारों के महत्व का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।


